मथुरा/नई दिल्ली- केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को मथुरा पहुंचे और गौ ग्राम परखम स्थित गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित धर्मगुरु भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान श्रीकृष्ण की भूमि ब्रज के महत्व, गोसेवा, प्राकृतिक खेती, किसानों की आय, पशुपालन, ग्रामीण विकास और नशामुक्त गांवों के निर्माण पर विस्तार से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का गायों के प्रति प्रेम हमें गोसेवा और गोपालन की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि, कृषि मंत्री के रूप में छोटे किसानों को लाभकारी खेती से जोड़ना और ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में गांवों को गरीबी से मुक्त बनाना मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से खेती के साथ पशुपालन अपनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गांवों को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।

भगवान श्रीकृष्ण की भूमि ब्रज में आकर मन श्रद्धा और आनंद से भर गया
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि ब्रज में आकर मन आनंद और श्रद्धा से भर गया है। यह भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की भूमि है। भगवान श्रीकृष्ण का गायों के प्रति प्रेम उनके बचपन की एक घटना से समझा जा सकता है। जब कन्हैया ने गोचारण के लिए जाने की जिद की, तो यशोदा मैया ने उन्हें जंगल में कांटे, कंकड़ और पत्थर होने की बात कहकर जूते पहनने को कहा। लेकिन कन्हैया ने जूते पहनने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि जिन गायों को लेकर वे जंगल जाएंगे, उनके पैर भी नंगे हैं। यह भगवान श्रीकृष्ण का गोप्रेम था। उन्होंने कहा कि ब्रज की भूमि हमें गोसेवा, करुणा और सभी प्राणियों के प्रति प्रेम का संदेश देती है।
सम्बंधित ख़बरें
दीनदयाल उपाध्याय जी का एकात्म मानववाद पूरी दुनिया को एक ही चेतना का संदेश देता है
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मथुरा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मभूमि भी है। उन्होंने भारत ही नहीं, पूरी दुनिया को एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। इसका मूल भाव है कि हम सबमें एक ही चेतना है। तुलसीदास जी ने कहा है, “सियाराम मय सब जग जानी।” हमारे यहां कहा गया है, “आत्मवत् सर्वभूतेषु।” इसी विचार से भारत ने दुनिया को “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश दिया। हमारी संस्कृति का मंत्र है- धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो। उन्होंने कहा कि जब सभी जीवों में एक ही चेतना है, तो यह केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है। पशुओं में भी वही चेतना है। गोमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है। इसलिए गोसेवा हमारी संस्कृति, संवेदना और जीवन मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है।


















