प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन से जुड़े संशोधित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इस संभावित बदलाव का असर मध्य प्रदेश के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर भी पड़ने की उम्मीद है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार सीटों की संख्या बढ़ने के बाद इसे 25 वर्षों तक यानी वर्ष 2051 तक स्थिर रखा जाएगा।
लोकसभा सीटों में संभावित बढ़ोतरी
वर्तमान समय में मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं। यदि सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत का इजाफा होता है, तो प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 44 हो सकती है, जिससे 15 अतिरिक्त सांसदों का प्रतिनिधित्व जुड़ जाएगा। लोकसभा में मध्य प्रदेश की मौजूदा हिस्सेदारी लगभग 5.34 प्रतिशत है। इससे पूर्व वर्ष 2008 में हुए परिसीमन के दौरान राज्य में एक भी लोकसभा सीट नहीं बढ़ी थी। अप्रैल 2026 में लाए गए विधेयक में जनगणना के आंकड़ों और हिस्सेदारी को लेकर अलग समीकरण सामने आए थे, जबकि नए संशोधन में सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की बात कही गई है।
सम्बंधित ख़बरें


















