24 सितंबर 2025 राज्यपाल रमेन डेका ने आज कबीरधाम जिले के ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं जनआस्था के प्रमुख केंद्र बाबा भोरमदेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की। प्राचीन स्थापत्य एवं अद्भुत कलात्मक सौंदर्य के लिए विख्यात भोरमदेव मंदिर में राज्यपाल ने रुद्राभिषेक एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोरमदेव की आराधना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली, समृद्धि और उत्तरोत्तर प्रगति की मंगल कामना की। भोरमदेव मंदिर आगमन पर राज्यपाल का आत्मीय स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंदिर परिसर में राज्यपाल का अभिनंदन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। राज्यपाल रमेन डेका ने कबीरधाम जिले के प्रवास के दौरान भोरमदेव मंदिर प्रांगण में ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के अंतर्गत रूद्राक्ष का पौधा लगाया।
सम्बंधित ख़बरें




