विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज स्पीकर हाऊस राजनांदगांव में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 120 मेधावी विद्यार्थियों को विद्या विभूषण सम्मान 2026 से सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रूपए प्रदान करने की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि आज यहां सभी मेधावी बच्चों के चेहरे पर आत्मविश्वास की चमक और अंदर की ताकत दिखाई दे रही है। उन्होनें सभी बच्चों से यह जानकारी ली कि वे अपने जीवन में क्या बनना चाहते है। उन्होंने कहा कि आप में से कोई डॉक्टर बनना चाहते है, कोई कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक या इंजीनियर बनाना चाहते हैं। आप जिस भी क्षेत्र में सेवा देना चाहते हैं, उस लक्ष्य को अपने घर के कमरे की दीवार पर लिखना कि आने वाले वर्षों में मैं इस पद पर जाना चाहता हूं। रोज पढ़ते समय यह दीवार आपको प्रेरणा प्रदान करेगी कि तुमने यह वादा किया था, अपने आप से एक संकल्प लिया था। तो उस वादे को पूरा करने की इच्छाशक्ति भी होनी चाहिए। दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है, जो तय कर लिया है, तो वह सपना अवश्य पूरा होगा। देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रसिद्ध वैज्ञानिक मिसाईल मैन डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम भी असफल हुए। इसलिए जीवन में कभी असफल होने पर निराश मत होना। बल्कि यह समझना कि सफलता के समीप हैं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव सभी की पढ़ाई के लिए नालंदा परिसर एक राष्ट्रीय स्तर की सर्वसुविधायुक्त लाईब्रेरी बनने जा रही है। जहां सभी प्रकार की किताबें उपलब्ध रहेंगी। आने वाले वर्षों में बच्चों को इस लाईब्रेरी का लाभ मिलेगा।
सम्बंधित ख़बरें


















