मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी पर्व पर मुख्यमंत्री निवास में शक्ति-साहस और विजय के प्रतीक के रूप में शस्त्र-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शक्ति स्वरूपा माँ काली की विधि-विधान से पूजा अर्चना की तथा मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में आहुति दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दशहरा पर्व की मंगलकामनाएं और बधाई दी। शस्त्र पूजन के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया। समत्व भवन में शस्त्र पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की गई। पुलिस द्वारा उपयोग किए जाने वाले अत्याधुनिक शस्त्र, पूजन के लिए रखे गए। पूजा स्थल पर लगे बैकड्रॉप पर प्रभु श्रीराम की धनुर्धर मुद्रा व भयाक्रांत रावण के चित्र और शक्ति के स्वरूप की आराधना का अंकन किया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री सुरक्षा के मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्री समीर यादव का तिलक किया तथा मुख्यमंत्री निवास के वाहनों का पूजन भी किया। मुख्यमंत्री निवास में पदस्थ अधिकारी, मुख्यमंत्री सुरक्षा के अधिकारी-कर्मचारियों सहित समस्त स्टॉफ शस्त्र-पूजन में सहभागी बने।
लोक कल्याण के पावन ध्येय से राम राज्य की स्थापना हो
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूजा अर्चना के बाद मीडिया के माध्यम से प्रदेशवासियों के लिए जारी संदेश में दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार भी जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम की प्रेरणा हमें सत्य, श्रम और सहयोग के पथ पर अग्रसर होकर आदर्श जीवन के निर्माण की दिशा प्रदान करती है। श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे, लोक कल्याण के पावन ध्येय से राम राज्य की स्थापना हो, यही प्रार्थना है।
सम्बंधित ख़बरें


















