मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नेपुलिस स्मृति दिवस पर देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लाल परेड स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्मारक को सलामी दी तथा पुष्प-चक्र अर्पित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम स्थल आगमन पर परेड द्वारा जनरल सैल्यूट से उनका अभिवादन किया गया तथा बैंड द्वारा सलामी धुन का वादन किया गया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूचिका प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची का स्मारक कोष में संस्थापन किया गया, स्मारक को सलामी दी गई तथा बिगुलर द्वारा लास्ट पोस्ट धुन बजाई गई। समस्त उपस्थित महानुभाव ने खड़े हो कर सम्मान प्रकट किया। इसके बाद परेड द्वारा स्मारक को सलामी दी गई। इस अवसर पर भोपाल की महापौर मालती राय, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा सेवानिवृत्त अधिकारी उपस्थित थे।
सम्बंधित ख़बरें


















