गोरहा पहाड़ स्वर्ण खनन परियोजना को लेकर सिलफोरी में पर्यावरणीय जनसुनवाई संपन्न

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn
By सोनू विश्वकर्मा

सिंगरौली। जिले के चितरंगी तहसील अंतर्गत गोरहा पहाड़ क्षेत्र में प्रस्तावित स्वर्ण खनन परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त करने हेतु जनसुनवाई का आयोजन किया गया। यह जनसुनवाई मध्य प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा ग्राम पंचायत सिलफोरी में संपन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।

जनसुनवाई के दौरान परियोजना प्रस्तावक संस्था मेसर्स कुंदन गोल्ड माइंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत की गई। कंपनी के अनुसार गोरहा पहाड़ स्वर्ण खनन ब्लॉक का कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल 149.30 हेक्टेयर है। परियोजना के अंतर्गत स्वर्ण अयस्क उत्पादन क्षमता 0.13 मिलियन टन प्रति वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि कुल खुदाई क्षमता 1.12 मिलियन टन प्रतिवर्ष होगी। इसमें 0.13 एमटीपीए स्वर्ण अयस्क एवं 0.99 एमटीपीए अपशिष्ट सामग्री शामिल है। यह परियोजना क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

ग्रामीणों ने रखीं प्रमुख मांगें

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शर्तें प्रस्तुत कीं। उनकी प्रमुख मांगों में खनन कार्य प्रारंभ होने से पूर्व प्रभावित परिवारों के लिए आवासीय व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार, उचित मुआवजा तथा पुनर्वास नीति का प्रभावी क्रियान्वयन शामिल रहा। ग्रामीणों ने यह भी मांग रखी कि प्रभावित गांवों के श्रमिकों को बेहतर वेतन और आधुनिक विद्यालय व चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कंपनी ने दिया आश्वासन

कंपनी के सीईओ ने ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि कंपनी पारदर्शिता के साथ निर्णय लेगी और सभी नियमों का पालन करते हुए ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

सुझाव रिपोर्ट में होंगे शामिल

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों को रिपोर्ट में सम्मिलित कर आगे की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रक्रिया अब इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ेगी।

कई गांव होंगे प्रभावित

परियोजना के अंतर्गत सिलफोरी, कतरिहार, सिधरी, सिरगुड़ी, सिधार, भोष, खैरान और गौरहवा सहित कई गांव प्रभावित होंगे। ग्रामीणों ने मांग की कि इन क्षेत्रों के लोगों को रोजगार एवं सुविधाओं में प्राथमिकता दी जाए।

अधिकारी रहे उपस्थित

जनसुनवाई में कुंदन गोल्ड माइंस के सीईओ गौरव दुआ, एडमिन एक्जीक्यूटिव संजय कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, एसडीएम चितरंगी सौरभ मिश्रा, एमपीपीसीबी आरओ रतिपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत पदाधिकारी तथा सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। गोरहा पहाड़ स्वर्ण खनन परियोजना को लेकर आयोजित यह जनसुनवाई क्षेत्रीय विकास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। कंपनी ने स्थानीय जनहित को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की है।

India Tv MP Tak  के बारे में
India Tv MP Tak GOVT.REG-MP-0001789 इंडिया टीवी एमपी तक न्यूज़ चैनल तेजी से बढ़ता विश्वसनीय न्यूज़ नेटवर्क संपादक राम किशोर विश्वकर्मा हर तरफ की खबर अपडेट के साथ Read More
For Feedback -

LATEST Post

03:47
WhatsApp Icon Telegram Icon