मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि रीवा, विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए ट्रेन के इंजन के समान है, जो संपूर्ण विंध्य को गति प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश सभी चुनौतियों को पार करते हुए सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। भारतीय छात्र मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए यूक्रेन और उसके आसपास के देशों में जाते थे। वहां जब युद्ध के हालात बने तो प्रधानमंत्री मोदी एक-एक भारतीय को स्वदेश वापस लेकर आए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को रीवा के श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के विस्तारीकरण कार्य का भूमि-पूजन करने के बाद जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार में उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल लगातार 24 घंटे सबसे अच्छा काम करके दिखा रहे हैं। इसके सुखद परिणाम भी सामने आ रहे हैं। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास कार्यों की गति निरंतर जारी है। रीवा में नया अस्पताल भवन बनने के बाद 2400 से अधिक बेड की क्षमता हो जाएगी। आजादी के बाद 55 वर्षों में प्रदेश में सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे। हमारी सरकार आने के बाद 2 साल में ही 5 शासकीय मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं। बहुत जल्द मध्यप्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 50 हो जाएगी। रीवा के नए अस्पताल भवन में कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कैंसर के इलाज के लिए स्पेशल यूनिट बनेगी। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर में भी अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से कैंसर मरीजों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें


















