मध्यप्रदेश की धरती ने एक बार फिर पूरे देश का मान बढ़ाया है। इंदौर की बेटी, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं सामाजिक कार्यकर्ता कु. पूजा गर्ग का चयन भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा घोषित “राष्ट्रीय पुरस्कार 2025” के लिए किया गया है।
उन्हें यह सम्मान “श्रेष्ठ दिव्यांगजन (Locomotor Disability)” श्रेणी में प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें दिसंबर 2025 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति महोदया द्वारा प्रदान किया जाएगा।
कु. पूजा गर्ग की यह उपलब्धि केवल मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण भारतवर्ष के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
अदम्य साहस की कहानी: दुर्घटना से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक
वर्ष 2010 में एक गंभीर सड़क दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में चोट (Spinal Cord Injury) के कारण पूजा गर्ग का निचला हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया।
तीन वर्ष तक बिस्तर पर रहने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। कठिन पुनर्वास, 13 बड़ी सर्जरियों और अनगिनत चुनौतियों के बाद उन्होंने जीवन को नई दिशा दी। इसके बाद जब उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का सामना किया, तब भी उनके साहस और आत्मविश्वास ने हर बाधा को मात दी।
सम्बंधित ख़बरें
आज वही पूजा गर्ग भारत की अंतरराष्ट्रीय पैरा कैनो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एशियन पैरा कैनो चैंपियनशिप 2025 (थाईलैंड) में भारत के लिए दो कांस्य पदक जीतकर देश का नाम ऊँचा किया।



















