अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार को भोपाल संभाग की विकास योजनाओं और शासकीय नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयुक्त कार्यालय के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक दक्षिण पश्चिम भोपाल भगवानदास सबनानी, सांची विधायक प्रभुराम चौधरी, शमशाबाद विधायक सूर्यप्रकाश मीणा, नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा एवं बैरसिया विधायक विष्णु खत्री सहित अन्य जिलों से सभी विधानसभाओं के विधायकगण भी वीसी के माध्यम से जुड़े। इसके साथ ही कलेक्टर भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह, सभी जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं सभी संबंधित विभागीय अधिकारी एवं राजगढ़, विदिशा, रायसेन एवं सीहोर कलेक्टर्स व्हीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE), नल-जल योजना और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा योजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
















