प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के माननीय कैबिनेट मंत्री नारायन सिंह कुशवाह ने बुधवार को जिला ग्वालियर के ग्राम जोरासी, डबरा स्थित अम्बेडकर धाम भवन में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के साथ निर्माणाधीन डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर स्मारक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्मारक के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री कुशवाह एवं सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मारक का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा स्मारक से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूर्ण होकर आमजन के लिए उपयोगी सिद्ध हो सके।
इस अवसर पर मंत्री नारायन सिंह कुशवाह ने कहा कि भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर के विचार, उनके आदर्श और सामाजिक समरसता का संदेश आज भी समाज को समानता, न्याय एवं मानव गरिमा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। बाबा साहेब ने अपना संपूर्ण जीवन वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और समाज में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके द्वारा दिखाए गए समानता, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक उत्थान के मार्ग पर आगे बढ़ना हम सभी का दायित्व है। डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों को आत्मसात कर एक ऐसे समतामूलक समाज का निर्माण करना आवश्यक है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और आगे बढ़ने का अधिकार प्राप्त हो।
सम्बंधित ख़बरें
मंत्री कुशवाह ने कहा कि बाबा साहेब के विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान से परिचित कराने के साथ ही सामाजिक समानता एवं न्याय की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


















