उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने आबकारी विभाग के संभागीय उपायुक्तों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में तत्काल अवैध रूप से संचालित सभी अहाते बंद कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आबकारी नीति में अहातों को प्रतिबंधित किया गया है, इसके बावजूद यदि किसी जिले में दुकानों के आसपास बिना अनुमति मदिरा का सेवन कराया जा रहा है, तो संबंधित लाइसेंसधारियों के साथ संबद्ध अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सागर जिले की घटना अत्यंत दुःखद है और इसकी पुनरावृत्ति किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। दोबारा ऐसी घटना होने पर जिम्मेदारों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कियें जाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई करेंगे।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा मंगलवार को आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों और आबकारी अपराधों की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में प्रमुख सचिव अमित राठौर, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना एवं सभी संभागीय उपायुक्त उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि अधिकारियों को पदोन्नति के साथ बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अपेक्षा है कि सभी अधिकारी पूरी दक्षता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
सम्बंधित ख़बरें


















