मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी के साथ मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार, तस्करी और मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला में शामिल आरोपियों के विरुद्ध भी लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत तीन दिनों में विभिन्न जिलों में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 82 लाख रूपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए।
नीमच : नीमच जिले में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए जीरन थाना पुलिस ने ट्रक से 175 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 26 लाख 25 हजार रूपए है।
वहीं रतनगढ़ थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में मारुति एसएक्स-4 कार से 120 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में लगभग 18 लाख रूपए का मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। इस प्रकार दोनों कार्यवाही में पुलिस ने 44 लाख 25 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है।
मंदसौर : जिले में सुवासरा थाना पुलिस ने 80 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं डोडाचूरा के साथ गुजरात के तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लगभग 1 लाख 60 हजार रूपए मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया।
सम्बंधित ख़बरें
वहीं नारायणगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान हरियाणा के दो अंतर्राज्यीय अफीम तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.100 किलोग्राम अवैध अफीम, एक स्कार्पियो वाहन एवं दो एंड्रॉयड मोबाइल सहित लगभग 21 लाख 94 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है। इस प्रकार दोनों कार्यवाही में पुलिस ने 23 लाख 54 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है।
अशोकनगर : जिले में थाना नईसराय पुलिस ने सूचना के आधार पर ग्राम अजलेश्वर में कार्रवाई करते हुए 1 आरोपी के कब्जे से 63 किलोग्राम हरा गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 30 हजार रूपये है।


















