मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मेसर्स पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री मंजुल शरद शाह एवं उनके सहयोगियों ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेशकों का स्वागत किया और कहा कि वे खुले मन से मध्यप्रदेश में निवेश करें, सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी। भेंट के दौरान विज्ञान एवं प्रौद्यागिकी विभाग (मप्र शासन) और कंपनी के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) साईन कर आदान-प्रदान किया गया। कम्पनी का कन्ट्री हेड क्वार्टर (कॉर्पोरेट ऑफिस) नवी मुम्बई में है। कंपनी ऑप्टिकल सिस्टम्स का उत्पादन करती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बताया गया कि पारस कंपनी को प्रदेश की सेमीकंडक्टर पॉलिसी बेहद पसंद आई है और अपनी यूनिट लगाने के लिए कंपनी ने भूमि भी पसंद कर ली है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेन्द्र कुमार सिंह, प्रमुख सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एम सेलवेंद्रम, प्रबंध निदेशक, मप्र औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड चन्द्रमौली शुक्ला एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
कम्पनी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बताया कि वे मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर परियोजना स्थापित करना चाहते हैं। शुरूआती दौर में कम्पनी करीब 6 हजार 200 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इस परियोजना से 2500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि कम्पनी द्वारा भूमि का चयन कर लिया है। जल्द ही भूमि आवंटन के लिए भी प्रस्ताव देंगे।


















