मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में लूट, चोरी एवं ठगी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र एवं अंतर्राज्यीय समन्वय के माध्यम से लूट, डकैती, चोरी एवं ठगी के गंभीर प्रकरणों का खुलासा कर विभिन्न जिलों से विगत 5 दिनों में लगभग 61 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
भोपाल – थाना टीटी नगर एवं थाना निशातपुरा चोरी का खुलासा
थाना टीटी नगर पुलिस ने बाणगंगा क्षेत्र में सूने मकान से नकद एवं आभूषण चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए शातिर महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गठित टीम
ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र एवं त्वरित दबिश के माध्यम से कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 50 हजार रूपए नगद तथा सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, गले की चेन एवं चांदी के आभूषण सहित लगभग 5 लाख 50 हजार रूपए मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
इसी प्रकार थाना निशातपुरा क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जिनका कुल मूल्य लगभग 4 लाख 50 हजार रूपए है।
सम्बंधित ख़बरें
अनूपपुर – तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह गिरफ्तार
थाना रामनगर पुलिस ने झाड़-फूंक/तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को डराकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने 3 लाख 61 हजार रूपए नगद एवं सोना-चांदी के आभूषण सहित लगभग 11 लाख रूपए की सामग्री जब्त की है।















