राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार की शाम लोक भवन पहुंचकर सौजन्य भेंट की। राज्यपाल पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को 13 दिसम्बर 2025 को सरकार के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने की बधाई दी। राज्यपाल को मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश शासन की उपलब्धियों पर केंद्रित पुस्तकें भेंट की और मध्यप्रदेश में बीते दो वर्षों में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी।
राज्यपाल पटेल को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इस की थीम ‘समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश’ रखी गई है। बीता वर्ष उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाया गया था। कृषि वर्ष 2026 में आरंभ की जा रही सभी गतिविधियां अगले तीन साल का लक्ष्य तय कर संचालित की जा रही हैं। किसान कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण, सहकारिता, पशुपालन एवं डेयरी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, ऊर्जा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा सभी विभागों की सहभागिता होगी। कृषि वर्ष में किसानों को अन्य राज्यों एवं विदेशों में हो रहे सफल नवाचारों की जानकारी से रू-ब-रू भी कराया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें



















