उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने दतिया प्रवास में पीतांबरा शक्तिपीठ पहुंचकर मां पीतांबरा के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, निरोगी जीवन एवं जनकल्याण की कामना की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने शक्तिपीठ परिसर स्थित वनखण्डेश्वर महादेव का भी जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि के साथ मध्यप्रदेश के निरंतर विकास की प्रार्थना की।
दर्शन उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि धार्मिक नगरी ओरछा में रामराजा सरकार के दर्शन करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि ओरछा में शासन के प्रस्तावों पर व्यापक मंथन किया गया। विकसित भारत एवं विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए भविष्य की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा दिए गए अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के लिए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा की गई और नीति तैयार की गई। योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए सतत मिशन के रूप में कार्य किया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें


















