मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश के युवाओं को राजनीति में आकर अपनी सक्रिय भागीदारी करनी होगी। युवा, डॉक्टर-इंजीनियर बनने के साथ ही राजनीति में आकर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं। देश की आजादी के लिए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने आईसीएस की परीक्षा पास करने के बाद नौकरी ठुकराकर अंग्रेजों को करारा जवाब दिया था। वे देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए स्वाधीनता के आंदोलन में कूद पड़े। देश के युवाओं को लोकतंत्र, संसदीय परम्परा और नीति निर्माण से जोड़ने की यह पहल अनुकरणीय है। देश का युवा भारत के भविष्य के लिए मंथन करने बैठा है। यह एक सुखद अनुभूति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को विधानसभा भवन स्थित विधान परिषद में आयोजित ‘संसद यूथ पार्लियामेंट 2026’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी श्री दिलीप सूर्यवंशी ने “संसद यूथ पार्लियामेंट 2026” का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देशभर से युवा प्रतिभागी संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संसदीय शैली में विचार-विमर्श करेंगे। यह कार्यक्रम साकार दृष्टि सोशल फाउंडेशन और कैलिडोहोप नागपुर द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथिगण का अंगवस्त्रम और प्रतीक चिन्ह भेंटकर अभिवादन किया गया।
सम्बंधित ख़बरें


















