संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा है कि रबी 2026- 27 के लिए प्रदेश के किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद, बीज एवं अन्य कृषि अनुदान सुगमता से प्राप्त हों, इसके लिए कृषि, सहकारिता और अन्य सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। संभाग में खाद बीज आदि की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को फसलों के विविधीकरण, उर्वरक के संतुलित उपयोग, प्रमाणित बीजों के प्रयोग, नराली न जलाने और आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। इस वर्ष किसानों को फसलों की जल्दी बुवाई के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे वे वर्तमान में मिट्टी में उपलब्ध नमी का उपयोग कर सकें।
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कमिश्नर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा सहित सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि संभाग के सभी जिलों में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति हो। बिजली की अनावश्यक कटौती ना की जाए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में जन समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए।
संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि अधिकारी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत न केवल शिविर में जन समस्याओं का समाधान करें अपितु उस केन्द्र की शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। साथ ही निरीक्षण प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय, संभागायुक्त कार्यालय को समय से भिजवाएं और परख पोर्टल पर भी अपलोड करें।


















