कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गेहूं खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण का उद्देश्य खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखना रहा।
निरीक्षण के क्रम में मंत्री टेटवाल द्वारा राजगढ़ जिले के विगनोदीपूरा स्थित भल्ला वेयर हाउस, ग्राम भैंसवामाता स्थित माँ बिजासन वेयर हाउस तथा ग्राम संडावता स्थित रामपुरिया वेयर हाउस के खरीदी केंद्रों का अवलोकन किया। यहां तौल प्रक्रिया,
बारदाना उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था के साथ-साथ किसानों के बैठने, छाया और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए।
केंद्रों पर उपस्थित किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं को लेकर प्राप्त फीडबैक को गंभीरता से लिया गया। किसानों द्वारा साझा किए गए सुझावों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए, जिससे व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा के अनुरूप खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाए रखने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में स्लॉट बुकिंग, तौल और भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने के साथ केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सम्बंधित ख़बरें
मंत्री टेटवाल ने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खरीदी केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो और पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित रूप से संचालित होती रहे।


















