पंजाब के कई जिले इस वक्त भयंकर बाढ़ की चपेट में है तो वहीं लगातार हो रही बारिश ने भी परेशानियां और बढ़ा दी है। लेकिन अब बारिश से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो आज से मौसम खुलने का अनुमान है। हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी लेकिन धूप निकलने से लोगों को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं केंद्रीय टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रही है। पठानकोट और तरनतारन में गई टीम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। इस वक्त पंजाब के 1 हजार 948 गांवों के 3 लाख 84 हजार 322 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है तो तीन लोग लापता भी बताए जा रहे हैं। 21 हजार 929 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, 1.72 लाख हेक्टेयर कृषि योग्य क्षेत्र बाढ़ग्रस्त है।


















